दुर्ग

45 उपार्जन केन्द्रों से करोड़ों का धान गायब प्रबंधकों को नोटिस, एफआईआर भी
16-Jun-2026 4:44 PM
45 उपार्जन केन्द्रों से करोड़ों का धान गायब  प्रबंधकों को नोटिस, एफआईआर भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 16 जून। जिले के 102 में 45 उपार्जन केन्द्रों से करोड़ों का धान गायब पाया गया है, जिन उपार्जन केन्द्रों में धान की शार्टेज मिली, वहां के संबंधित समिति प्रबंधकों को नोटिस जारी किया गया है। धान के शार्टेज पाए जाने के मामले में अब तक दो समिति प्रबंधकों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी है।

जानकारी के अनुसार जिले में गत खरीफ विपणन वर्ष में कुल 55 लाख 91 हजार 376 क्विंटल धान उपार्जित किया गया था। इसमें 1327830 मोटा, 391416 पतला एवं 3872130 सरना किस्म का धान है। उपार्जित धान में से कुल 55 लाख 77 हजार 135 क्विंटल का जारी किया जा चुका है। उपार्जन केन्द्रों में 1459.72 मोटा, 994.26 पतला एवं 11787 क्विंटल सरना किस्म की धान शेष है। इस प्रकार उपार्जन केन्द्रों में 14241.18 धान शेष बताया जा रहा है जो कि शार्टेज है।

जानकारी के अनुसार प्रति क्विंटल मोटा एवं सरना धान का समर्थन मूल्य 2369 एवं पतला का 2389 रुपए है जिस हिसाब से  शार्टेज धान की कुल कीमत 3 करोड़ 37 लाख 56 हजार 766 रुपए है। यदि धान पर दी जाने वाली आदान सहायता राशि का आंकलन करे तो इसकी कीमत 4 करोड़ रूपए से भी अधिक होती है। जानकारी के मुताबिक कलेक्टर ने जिन समिति में धान के शार्टेज पाए गए हैं उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। मामले में पहला एफआईआर कुम्हली समिति प्रबंधक के खिलाफ कराया गया था जहां 690 क्विंटल धान कम मिला है। इसी प्रकार रौंदा में लगभग 540 क्विंटल कम पाए जाने पर भी एफआईआर दर्ज हुआ है मगर एफआईआर के बाद समिति द्वारा शार्टेज पाए गए धान जमा कर दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट