दुर्ग

एनएच पर ट्रेलर से टकरा बाइक जलकर खाक, युवक की मौत
15-Jun-2026 3:41 PM
एनएच पर ट्रेलर से टकरा बाइक जलकर खाक, युवक की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 15 जून। दुर्ग-राजनांदगांव नेशनल हाईवे-53 पर रविवार को आरोग्य हॉस्पिटल के सामने एक सडक़ हादसा हो गया। रायपुर से दुर्ग की ओर आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर के सामने विपरीत दिशा से आ रही बाइक की सीधी टक्कर हो गई। इस भीषण भिड़ंत में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

 टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सडक़ पर काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे उसकी पेट्रोल टंकी फट गई और बाइक आग के गोले में तब्दील हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 के आरक्षक आशीष साहू तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह बाइक में लगी आग को बुझाया। हालांकि, तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

मृतक राहुल चक्रधारी  पाटन ब्लॉक के किकिरमेटा गांव का निवासी था, जो उतई के खोपली में रहकर फार्मेसी का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, राहुल अपनी मां को सर्टिफिकेट दिलाने भिलाई के एक संस्थान छोड़ कर आया था और 5 मिनट में लौटने की बात कहकर निकला था।

हादसे के बाद आरोपी ट्रेलर ड्राइवर वाहन छोडक़र फरार हो गया। मोहन नगर थाना पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक (सीजी 07 सीवी 3947) और ट्रेलर (जेएच 05 डीएस 0514) को जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है।


अन्य पोस्ट