दुर्ग
तीन दुकानों के स्टाक संधारण में मिली गड़बड़ी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 जून। निजी क्षेत्र के कुछ दुकानों में मनमाने दर पर खाद विक्रय की मिल रही शिकायतों के मद्देनजर किसानों को निर्धारित दर पर यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरक उपलब्ध कराने कृषि विभाग की टीम ने उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठान में दी दबिश जहां जांच के दौरान तीन दुकानों के स्टाक संधारण में गड़बड़ी पाई गई। वहीं तीन अन्य दुकानों में उर्वरक अनुज्ञप्ति में अतिरिक्त स्त्रोत समावेश के बिना खाद विक्रय किए जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक अब तक जिले के 131 निजी एवं सहकारी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जा चुका है। जांच के दौरान स्टॉक संधारण में गड़बड़ी, उर्वरक नियंत्रण संबंधी नियमों के उल्लंघन करने जैसी अनियमितताएं पाए जाने पर 3 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं 3 विक्रय केंद्रों पर उर्वरक अनुज्ञप्ति में अतिरिक्त स्त्रोत समावेश किये बिना विक्रय करते पाये जाने पर उर्वरक जब्ती कर प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में भेजा गया है।
उपसंचालक कृषि संदीप भोई ने बताया कि खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा विभिन्न रासायनिक उर्वरकों की कृषक विक्रय दर निर्धारित की गई है। इसके अनुसार यूरिया उर्वरक का कृषक विक्रय दर 266.50 रुपये प्रति बोरी निर्धारित की गई है। वहीं डीएपी 1350 , एनपीके उर्वरकों में 12-32-16 की 1990 , 20-20-0-13 की 1850 एवं 12-26-26 की दर 1990 रुपए निर्धारित की गई हैं। इसी प्रकार एमओपी (पोटाश) 1975, एसएसपी पावडर 551, एसएसपी दानेदार 591, जिंकटेड एसएसपी पावडर 576 एवं टीएसपी 1300 रुपए प्रति बोरी तय की गई हैं, जिससे किसानों को बाजार में निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए इफको नैनो यूरिया (500 मिलीलीटर बोतल) 225 तथा इफको नैनो डीएपी 600 रुपये की दर से उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में उर्वरकों के मुनाफाखोरी, जमाखोरी, कालाबाजारी, व्यपवर्तन एवं अन्य अनियमितताओं के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही किए जाने हेतु जिला स्तरीय उडऩदस्ता दल का गठन किया गया है। साथ ही कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में खरीफ हेतु भण्डारित उर्वरकों के अधिक मूल्य पर विक्रय, जमाखोरी एवं अन्य अनियमितताओं के विरूद्ध सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर सक्त कार्यवाही किये जाने के निर्देश के परिपालन में उर्वरक विक्रय केन्द्र (सहकारी, निजी-थोक एवं फुटकर विक्रेता) का सतत् निरीक्षण किये जाने के लिए मैदानी अधिकारियों की उनके कार्यक्षेत्र में स्थित उर्वरक विक्रय केन्द्र (सहकारी, निजी-थोक एवं फुटकर विक्रेता) में ड्यूटी लगाई गई है। वे उनके कार्य क्षेत्र में स्थित उर्वरक विक्रय परिसर का सतत् निरीक्षण एवं उचित मूल्य पर उर्वरकों की बिक्री अपने समक्ष करायेंगे। उर्वरक भण्डारण वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में प्रावधानानुसार कार्रवाई करेंगे।


