दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 जून। नगर निगम क्षेत्र के गया नगरवासियों के लिए का दिन विशेष खुशी और राहत लेकर आया। वर्षों से लो-प्रेशर और जल संकट की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए वार्ड 3 गया नगर स्थित कबड्डी मैदान में नई उच्च स्तरीय पानी टंकी निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।
महापौर अलका बाघमार की प्रमुख उपस्थिति में जेसीबी मशीन से खुदाई कार्य प्रारंभ कराया गया। महापौर अलका बाघमार, सभापति श्याम शर्मा, लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर,वित्त विभाग प्रभारी एवं पार्षद नरेंद्र बंजारे,जल कार्य विभाग प्रभारी एवं पार्षद लीना दिनेश देवांगन, एमआईसी सदस्य एवं वार्ड पार्षद नरेंद्र बंजारे सहित जनप्रतिनिधियों ने बाबा धाम शिव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना की तथा निर्माण कार्य के सफल एवं शीघ्र पूर्ण होने की कामना की।
निर्माण स्थल पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने फटाके फोडक़र एवं पुष्पमालाओं से महापौर का भव्य स्वागत किया। क्षेत्रवासियों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर महापौर एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि पानी की समस्या से लंबे समय से परेशान रहना पड़ता था, लेकिन अब नई पानी टंकी बनने से बड़ी राहत मिलेगी।
गया नगर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बनी जलापूर्ति समस्या के स्थायी समाधान के लिए यह महत्वपूर्ण परियोजना शुरू की गई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वार्ड क्रमांक-3 एवं 4 में बघेरा पानी टंकी से जलापूर्ति होने के कारण दूरी अधिक होने से लो-प्रेशर की समस्या बनी रहती थी। गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती थी। क्षेत्र की महिलाओं एवं नागरिकों द्वारा लंबे समय से नई पानी टंकी की मांग की जा रही थी। महापौर अलका बाघमार, जल कार्य विभाग प्रभारी लीना दिनेश देवांगन एवं पार्षद नरेंद्र बंजारे की पहल पर इस योजना को प्राथमिकता देते हुए पहली एमआईसी बैठक में प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। राज्य शासन से लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से 15 लाख लीटर क्षमता की उच्च स्तरीय पानी टंकी एवं फिल्टर प्लांट से टंकी तक राइजिंग लाइन निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई।


