दुर्ग

अवैध गुटखा फैक्ट्रियों पर पुलिस का छापा, 10 आरोपी गिरफ्तार
12-Jun-2026 4:37 PM
अवैध गुटखा फैक्ट्रियों पर पुलिस का छापा, 10 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर/दुर्ग, 12 जून।
दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम कुथरेल और अंडा क्षेत्र में संचालित दो अवैध गुटखा निर्माण एवं पैकेजिंग इकाइयों का भंडाफोड़ किया है। थाना अंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दबिश देकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से गुटखा निर्माण और पैकेजिंग का कार्य किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की। मौके से गुटखा निर्माण में प्रयुक्त कच्चा माल, रसायन, मशीनें, पैकेजिंग सामग्री तथा बड़ी मात्रा में तैयार और अर्द्धनिर्मित गुटखा उत्पाद बरामद किए गए।

पुलिस ने मामले में बिरेन्द्र तिवारी (47), सुभाष कुमार गौतम (25), सुनील कुमार राजपूत (30), करण राजपूत (18), राजू मस्ताना (32), राजकुमार यादव (47), रमेश कुमार निषाद (40), सतेन्द्र कुमार यादव (35), सोनू यादव (35) एवं बसंत राजपूत (20) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में बिना वैधानिक अनुमति के अवैध रूप से गुटखा निर्माण एवं पैकेजिंग किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने समस्त सामग्री जब्त कर ली। आरोपियों के खिलाफ थाना अंडा में अपराध क्रमांक 63/2026 एवं 64/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) तथा कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से गुटखा निर्माण एवं पैकेजिंग का कारोबार संचालित कर रहे थे। मामले की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट