दुर्ग

आर्मी जवान की जगह दूसरे को खड़ा कर बेच दी जमीन
08-Jun-2026 8:19 PM
आर्मी जवान की जगह दूसरे को खड़ा कर बेच दी जमीन

 3 साल बाद धोखाधड़ी का फरार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 8 जून। पाटन थाना पुलिस ने संयुक्त स्वामित्व वाली कृषि भूमि की बिक्री में फर्जीवाड़ा कर धोखाधड़ी करने वाले लंबे समय से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी ने अपने भारतीय सेना में पदस्थ सगे भाई के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को प्रस्तुत कर कृषि भूमि का विक्रय कर दिया था। मामले में आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार ग्राम कुम्हली निवासी प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बड़े भाई ने संयुक्त नाम की कृषि भूमि बेचने के लिए सेना में कार्यरत सह-स्वामी भाई की जगह किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर दस्तावेज तैयार कराए और भूमि का विक्रय कर दिया। शिकायत पर थाना पाटन में धोखाधड़ी, कूटरचना एवं आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान आरोपी की भूमिका प्रमाणित होने के बाद उसकी लगातार तलाश की जा रही थी।

 तकनीकी जानकारी और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने 7 जून को घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ईश्वर दास (60 वर्ष) रायपुर ने अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से वास्तविक सह-स्वामी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को प्रस्तुत कर भूमि विक्रय की प्रक्रिया पूरी कराई थी।

पाटन पुलिस ने प्रकरण से जुड़े दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य संकलित कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भूमि संबंधी धोखाधड़ी के मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट