दुर्ग

कोयले का अवैध भंडारण, 3 गिरफ्तार
06-Jun-2026 4:26 PM
कोयले का अवैध भंडारण, 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 जून।
पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराध एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। थाना खुर्सी पार पुलिस एवं एसीसीयु दुर्ग को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। कोयले का अवैध रूप से भंडारण कर चोरी छिपे बिक्री करने वाले मुख्य आरोपी एवं अन्य दो सहयोगी सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 3 लाख रुपए से अधिक कीमत का 15 टन से अधिक कोयला एवं 3 मोबाइल जब्त किया गया है। आरोपी फर्जी जीएसटी बिल दिखाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। जीएसटी बिल सत्यापन में इस मामले का खुलासा हुआ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि खुर्सी पार गेट में विजय केसरवानी द्वारा भारी मात्रा में कोयले का अवैध रूप से भंडारण कर चोरी छिपे बिक्री की जा रही है तथा उससे आर्थिक लाभ अर्जित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसीसीयु दुर्ग एवं थाना खुर्सी पार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान मुख्य आरोपी विजय कुमार केसरवानी के कब्जे से लगभग 15.530 टन कोयला, व्यापार में प्रयुक्त काटा तराजू तथा अन्य संबंधित अभिलेख बरामद किए गए।

पुलिस ने विवेचना के दौरान पाया कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने एवं उपलब्ध कराने में अन्य व्यक्तियों की सक्रिय भूमिका रही है। जांच में वित्तीय लेनदेन, डिजिटल भुगतान माध्यमों, मोबाइल संचार एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य का विश्लेषण किया गया जिसमें फर्जी जीएसटी दस्तावेज तैयार करने वाले राजकुमार मिश्रा एवं उसके सहयोगी सुनील शर्मा की संलिप्तता सामने आई। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इस प्रकरण में कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले में आरोपी द्वारा वैध स्वामित्व एवं स्त्रोत के संबंध में दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। पुलिस ने मात्र दस्तावेजों पर विश्वास ना करते हुए सूझबूझ, तकनीकी विश्लेषण एवं वैज्ञानिक जांच पद्धति का उपयोग करते हुए प्रस्तुत दस्तावेजों का गहन सत्यापन कराया। जांच के दौरान प्रस्तुत जीएसटी दस्तावेजों, परिवहन अभिलेख एवं अन्य रिकार्ड का संबंधित विभाग में परीक्षण कराया गया जिसमें दस्तावेज कूटरचित एवं फर्जी पाए गए।
आरोपी द्वारा पुलिस को गुमराह कर वास्तविक तथ्यों को छुपाने का प्रयास किया गया था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर ने कहा कि प्रकरण में बरामद कोक- कोयले के वास्तविक स्रोत, स्वामित्व, परिवहन व्यवस्था तथा संभावित चोरी अथवा अन्य अपराधिक गतिविधियों से संबंध की जांच की जा रही है। इस संबंध में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं से आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले के प्रत्येक पहलू को गंभीरता से जांच की जा रही है तथा इसमें संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी विजय कुमार केसरवानी 48 वर्ष निवासी खुर्सी पार मार्केट, राजकुमार मिश्रा उम्र 40 वर्ष निवासी मांझी चौक प्रियंका नगर खुर्सी पार, सुनील शर्मा 50 वर्ष निवासी दल्ली राजहरा जिला बालोद वर्तमान पता 32 एकड़ हाउसिंग बोर्ड थाना जामुल को गिरफ्तार किया गया है।


अन्य पोस्ट