दुर्ग
छत्तीसगढ़ में 5000 से अधिक पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) छत्तीसगढ़ ने पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साकार करते हुए व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया।
सामरिक मुख्यालय (विशेष-संक्रिया) बीएसएफ छत्तीसगढ़ तथा अधीनस्थ वाहिनियों और इकाइयों में 5000 से अधिक छायादार, औषधीय, फलदार एवं सजावटी पौधों का रोपण किया गया।
उप महानिरीक्षक ने किया अभियान का शुभारंभ
वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ सामरिक मुख्यालय (विशेष-संक्रिया) बीएसएफ छत्तीसगढ़ के उप महानिरीक्षक गिरधारी लाल मीणा ने पौधारोपण कर किया।
इस दौरान अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
भविष्य की पीढिय़ों के लिए जरूरी है वृक्षारोपण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप महानिरीक्षक मीणा ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी कार्मिकों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मानसून में जारी रहेगा विशेष अभियान
बीएसएफ छत्तीसगढ़ द्वारा हर वर्ष मानसून के दौरान बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जाता है। संगठन पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान देता है। इस वर्ष भी सामरिक मुख्यालय से लेकर वाहिनी और कंपनी स्तर तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बीएसएफ परिवार की ओर से देशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही अधिक से अधिक वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया। बीएसएफ का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, जन-जागरूकता और सतत विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।


