दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जून। लाखों रुपए का ऋण नहीं चुकाने पर बैंक द्वारा जिला दंडाधिकारी दुर्ग के आदेश पर जिस मकान को अपने आधिपत्य में लेकर ताला लगाकर सील बंद किया गया था उसे आरोपी वसीम खान द्वारा ताला तोडक़र मकान पर कब्जा कर लिया गया है। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय गंजपारा दुर्ग में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर पदस्थ एनी अंसारी की शिकायत पर पदमनाभपुर पुलिस ने आरोपी वसीम खान के खिलाफ धारा 324(3), 329(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि ग्रामीण बैंक गंजपारा दुर्ग से 31 दिसंबर 2016 को मोहम्मद कासिम खान एवं मोहम्मद नसीम खान द्वारा 1200 वर्ग फीट भूमि सुभाष नगर मस्जिद के पास कसारीडीह के मकान पर 26 लाख रुपए आवासीय ऋण लिया गया था। कासिम खान की मृत्यु होने के बाद सह ऋणी नसीम खान द्वारा आवास ऋण नहीं पटाया जा रहा था। ऋण नहीं पटाने के कारण बैंक द्वारा सरफेसी एक्ट के तहत जिला दंडाधिकारी दुर्ग के आदेश पर आवास को बैंक के सुपुर्द किया गया था, जिस पर बैंक द्वारा उक्त मकान को अपने आधिपत्य में लेकर ताला लगाकर सील बंद किया गया था।
उस मकान को कासिम खान के लडक़े वसीम खान द्वारा 21 मार्च 2025 को ताला तोडक़र कब्जे में ले लिया गया था। इसके बाद पुन: जिला दंडाधिकारी के आदेश पर उक्त आवास को 10 मार्च 2026 को बैंक अपने आधिपत्य में लेकर ताला लगाकर सील बंद किया था। जिस पर पुन: मोहम्मद कासिम के लडक़े वसीम खान द्वारा 28 अप्रैल 2026 को ताला तोडक़र मकान पर कब्जा कर लिया गया है और उस मकान में वह परिवार के साथ रह रहा है।
बंधक मकान को कब्जा करने की सत्यता जानने के लिए बैंक के द्वारा 28 अप्रैल 2026 को महिला पुलिसकर्मी के साथ बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक एवं मैनेजर के साथ उक्त निवास का निरीक्षण किया गया। जब मकान में बैंक के अंदर में गेट एवं अंदर के दरवाजे पर लगाया गया सीलबंद ताला की जगह दूसरा ताला लगा हुआ पाया गया। बैंक के द्वारा बाहरी दीवार पर एवं अंदर की दीवार पर भौतिक कब्जा की नोटिस जो पेंट से स्प्रे करके लगाया गया था उस पर भी पेंट कर दिया गया था।
आसपास के लोगों ने भी अधिकारियों को बताया कि वसीम खान द्वारा उसके पिता की मृत्यु के बाद मकान का ताला तोडक़र कब्जा कर लिया गया है। शिकायत में बताया गया है कि बैंक द्वारा कासिम खान एवं नसीम खान को आवास ऋण दिया गया था। उक्त खसरा को कासिम खान के देहांत के बाद छलपूर्वक कासिम खान का नाम विलोपित कर स्वयं का नाम, नसीम का नाम एवं अपनी दो बहनों का नाम जोड़ा गया है जो कि बिना बैंक की अनुमति से छल पूर्वक एवं हेरा फेरी कर यह कृत्य किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


