दुर्ग

दुर्ग की निधि जैन ने एवरेस्ट बेस कैंप की
05-Jun-2026 5:28 PM
दुर्ग की निधि जैन ने एवरेस्ट बेस कैंप की

53 सौ मीटर ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 जून।
युवा पर्वतारोही निधि जैन ने साहस दृढ़ संकल्प और देशभक्ति का अद्भुत परिचय देते हुए एवरेस्ट बेस कैंप क्षेत्र की 5364 मीटर ऊंची चोटी पर भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।
निधि जैन का यह 12 दिनों का पर्वतारोहण अभियान केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि स्वयं को पहचानने और अपनी सीमाओं को चुनौती देने का एक मिशन था। इस अभियान के दौरान सीमित संसाधनों, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम के लगातार बदलते स्वरूप का सामना करते हुए उन्होंने अपने लक्ष्य को प्राप्त किया।

उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह अभियान उन्हें जीवन का एक नया दृष्टिकोण देकर गया। पर्वतों की कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए उन्होंने धैर्य, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता का महत्व समझा। उन्होंने कहा कि एवरेस्ट की ऊंचाइयों तक पहुंचने के बाद जीवन की बाकी चुनौतियां अपेक्षाकृत छोटी लगने लगी हैं। यह यात्रा अपने आप को जानने और अपनी वास्तविक क्षमता को पहचानने का माध्यम बनी।
उन्होंने बताया कि ट्रेक लीडर के अनुशासित आदेशों का पालन करना, साधारण भोजन व प्रकृति का आनंद लेने को ही सफलता की कुंजी मानती हूं।   पर्वतारोहण के दौरान हर दिन नई चुनौतियां सामने आती थीं, लेकिन लक्ष्य के प्रति समर्पण और सकारात्मक सोच ने उन्हें आगे बढऩे की प्रेरणा दी। चोटी पर तिरंगा फहराने का क्षण उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण और भावनात्मक क्षण रहा।

निधि जैन की इस उपलब्धि पर दुर्ग-भिलाई सहित पूरे छत्तीसगढ़ में हर्ष का माहौल है। विभिन्न सामाजिक, खेल एवं शैक्षणिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है। उनकी यह सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। यह जानकारी शंकर सचदेव ने दी।


अन्य पोस्ट