दुर्ग
भिलाई नगर, 4 जून। दुर्ग पुलिस द्वारा महिला सशक्तिकरण, सामाजिक अपराधों की रोकथाम और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को थाना अमलेश्वर में महिला कमांडो सम्मेलन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना क्षेत्र की करीब 125 महिला कमांडो ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री सम्मानित शमशाद बेगम उपस्थित रहीं। इसके अलावा जिला सेनानी नगर सेना एवं आपदा मोचन बल के नागेंद्र सिंह, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन अनूप लकड़ा, यातायात निरीक्षक पी.डी. चंद्रा तथा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
सम्मेलन के दौरान महिला कमांडो को ऑपरेशन विश्वास और पुलिस जनमित्र अभियान के तहत महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, सामाजिक अपराधों की रोकथाम, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध की स्थिति में तत्काल डायल 1930 पर संपर्क करें, जबकि नशे से संबंधित शिकायतों के लिए डायल 1933 का उपयोग करें।
मुख्य अतिथि शमशाद बेगम ने महिला कमांडो की भूमिका, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं से गांव-गांव में अधिक से अधिक महिलाओं को इस अभियान से जोडऩे और पुलिस के साथ मिलकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
नगर सेना एवं आपदा मोचन बल की टीम ने महिला कमांडो को आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव संबंधी प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में डूबते व्यक्ति की जान बचाने के तरीके, गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में सुरक्षा उपाय, आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग सहित कई महत्वपूर्ण जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी दी गई।
यातायात नियमों का पालन करने की दी सीख
यातायात निरीक्षक पी.डी. चंद्रा ने महिलाओं को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की सलाह दी।
महिला कमांडो को किया गया सुसज्जित
कार्यक्रम के दौरान महिला कमांडो को टॉर्च, सीटी, टोपी और डंडा जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी वितरित किए गए। महिला कमांडो ने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने, नशा मुक्त समाज के निर्माण और महिला सशक्तिकरण के लिए पुलिस का हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया।


