दुर्ग

धोखाधड़ी, आरोपी अब तक फरार
04-Jun-2026 5:22 PM
धोखाधड़ी, आरोपी अब तक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 जून।
लोन के बदले पैसे का प्रलोभन देकर कई युवाओं के साथ धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को पद्मनाभपुर पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
आरोपी ने लडक़ों को लोन लेने के बदले पैसे का प्रलोभन देकर एवं लोन की किस्त को स्वयं अदा करने की बात कह कर फाइनेंस कंपनियों के ईएमआई की किस्त को देना बंद कर दिया। इसके चलते विभिन्न फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी पीडि़तों के घर आकर परिवार वालों को दबाव डालकर डरा धमका रहे थे। इससे परेशान होकर युवकों ने पद्मनाभपुर थाना पहुंचकर आरोपी गण ऋषभ शर्मा, अनिरुद्ध सिंह, दीपेश जोशी एवं अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318 (4), 61 (2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया था। युवकों ने बताया कि उन सभी लोगों से लोन करा कर सामान क्रय करवाने के बाद उसे केलाबाड़ी निवासी ऋषभ शर्मा पिता स्वर्गीय राघवेंद्र शर्मा द्वारा बेच दिया जाता था। आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अनामिका श्रृंगार महाराज चौक दुर्ग, एवन इलेक्ट्रॉनिक सुपेला, सूर्या मॉल रिलायंस डिजिटल, रिलायंस डिजिटल सुपेला भिलाई, जयंत इलेक्ट्रॉनिक दुर्ग, जैन इंटरप्राइजेज दुर्ग आदि दुकानों से युवकों के आधार कार्ड एवं पैन कार्ड के जरिए सामान क्रय करा कर सामानों को दुकान में ही छुड़ा देने के बाद ऋषभ शर्मा स्वयं दुकानदारों से सेटिंग कर उन सामानों को रख लेता था। युवकों से उसने लाभ दिए जाने का लालच देकर एवं किस्तों को स्वयं जमा करने का वादा कर अपने झांसे में ले लिया था। ऋषभ शर्मा ने कुछ किस्तों को जमा किया उसके बाद से उसने किस्त जमा करने में टालमटोल की। बाद में आरोपी ने सामान क्रय करवाने के बाद कहा कि तुम लोग लोन से सामान लेकर मुझे दोगे तब मैं तुम्हारे पुराने किस्त पटाऊंगा। इस तरह आरोपी ने सभी लोगों से तीन-तीन चार-चार छल पूर्वक सामान क्रय करवा कर धोखाधड़ी करते हुए आर्थिक नुकसान पहुंचाया।

रूपेश साहू, चुरेंद्र साहू, रोहित जगने, रोमल सोनी, गजेंद्र साहू, फनेश्वर मिश्रा, दुष्यंत मानिकपुरी सहित अन्य युवकों ने बताया कि सभी का लोन उनके नाम पर ही होता था और प्रोडक्ट को स्वयं ऋषभ शर्मा दुकान में ही रख लेता था।
जब ऋषभ शर्मा ने किस्त जमा करने से  मना किया तब कुछ युवकों ने अपने दम पर मजबूरी वश इधर-उधर से उधार लेकर किस्त जमा किया। इस कारण सभी पर अनावश्यक ऋण का भार आ गया था। लोन देने वाली कंपनी के कर्मचारी घर आकर उन्हें एवं उनके परिवार के लोगों को दबाव डालकर डराते धमकाते थे और केस कर देने की बात कहते थे। परेशान होकर युवकों ने इसकी शिकायत पद्मनाभनपुर थाने में 24 मई को की थी। युवकों ने बताया कि लगभग 15 दिन से आरोपी ऋषभ शर्मा घर में ताला लगाकर अपनी माता के साथ फरार है। परेशान प्रार्थी गण न्याय का इंतजार कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट