दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 4 जून। नशे के कारोबार और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने बुधवार को खुर्सीपार थाना क्षेत्र के देवार पारा में विशेष सघन चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया। नगर पुलिस अधीक्षक छावनी और थाना प्रभारी खुर्सीपार के नेतृत्व में करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने पूरे क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन किया।
ज्ञात हो कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि देवार बस्ती में अवैध रूप से गांजा और शराब की बिक्री की जा रही है तथा मादक पदार्थों को खंडहर भवनों, कबाड़ के बोरों, मकानों की छतों और शौचालयों में छिपाकर रखा जाता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बस्ती के घरों, कबाड़ के ढेरों और संदिग्ध स्थानों की गहन जांच की।
तलाशी के दौरान पुलिस को लगभग 10 से 12 किलोग्राम गांजा, गांजा की पुडिय़ा तैयार करने में उपयोग होने वाले बड़ी संख्या में प्लास्टिक रैपर, 18 पौवा देसी मसाला शराब, 44 पौवा गोल्डन गोवा शराब तथा 2 तलवार समेत अन्य धारदार हथियार बरामद हुए। पुलिस ने सभी सामग्री को जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गांजा मिलने के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि शराब बरामदगी के मामले में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। जब्त सामग्री किसकी है और इसे किसने छिपाकर रखा था, इसकी जांच जारी है।
एएसपी शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण करना तथा च्ऑपरेशन विश्वासज् के तहत नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।


