दुर्ग

सूने मकान का ताला तोड़ जेवर -नगदी पार
03-Jun-2026 4:04 PM
सूने मकान का ताला तोड़ जेवर -नगदी पार

दुर्ग, 3 जून। घर में ताला लगाकर परिवार सहित शादी में शामिल होने उत्तर प्रदेश जाना एक परिवार को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने घर का ताला तोडक़र सोने चांदी के जेवरात एवं रकम की चोरी कर ली। प्रार्थी की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए), 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।

पुलिस ने बताया कि प्रार्थी प्रवेश कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई है कि मकान नंबर 110,एचआईजी वन केरला होटल के पीछे न्यू बोरसी कॉलोनी में यादव राव पराते के मकान में किराए से रहता है। वह शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भानपुर में शिक्षक के पद पर पदस्थ है। 1 मई की दोपहर को 12 बजे वह घर में ताला लगाकर अपने परिवार सहित शादी में शामिल होने सिरसागंज उत्तर प्रदेश गया हुआ था। 1 जून की सुबह उनके पड़ोसी प्रवीण साहू ने फोन करके बताया कि घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ है और दरवाजा खुला हुआ है।

सूचना पाकर जब प्रार्थी आकर देखा तो उसके घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा हुआ था। आलमारी का लाकर भी टूटा हुआ था। आलमारी में रखे तीन जोड़ी चांदी के पायल, चांदी के सिक्के, एक नग चांदी की लक्ष्मी जी की मूर्ति, एक नग चांदी की गाय, एक चांदी का हाथी, एक नग चांदी की मछली, एक नग चांदी की अंगूठी, एक नग चांदी की चेन, 3 नग चांदी का लॉकेट, एक नग पीतल की कृष्ण जी की मूर्ति एवं नगदी रकम लगभग 20000 रुपए को अज्ञात आरोपी ने चोरी कर लिया।


अन्य पोस्ट