दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 1 जून। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ सामुदायिक भवन, निर्माणाधीन सुलभ शौचालय और आमजनों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय सुबह से ही एक्शन मोड में नजर आए।
आयुक्त ने सुबह ठीक 5.30 बजे वार्ड क्रमांक 17 का औचक निरीक्षण किया। लगभग 2 घंटे तक चले इस सघन निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड की सफाई व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। नेहरू भवन का अवलोकन किया गया आवश्यक व्यवस्था में सुधार हेतु निर्देशित किए हैं। निर्माणाधीन सुलभ शौचालय का निरीक्षण किया आम नागरिकों से इसके उपयोग के संबंध में चर्चा किया गया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वार्ड की गलियों, मुख्य सडक़ों और ड्रेनेज सिस्टम का जायजा लिया। उन्होंने सफाई कर्मियों की उपस्थिति और कचरा संग्रहण (डोर-टू-डोर कलेक्शन) की स्थिति को भी देखा।
वार्ड भ्रमण के दौरान जिन भी स्थलों पर सडक़ों पर निर्माण सामग्री या अन्य प्रकार की बाधा पाई गई, उस पर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वाले स्थलों को चिह्नित करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने कहा हर जगह को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्य सडक़ों या गलियों में कचरा फेंकना और आवागमन बाधित करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारी नियमित रूप से निगरानी रखें और लापरवाही बरतने वालों पर तत्काल जुर्माना लगाएं।
निरीक्षण के दौरान निगम के स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, स्वच्छता निरीक्षक कमलेश द्विवेदी, सफाई पर्यवेक्षक एवं एजेंसी प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित थे। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वार्ड 17 की तरह ही शहर के अन्य वार्डों में भी सुबह का औचक निरीक्षण जारी रहेगा।


