दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 1 जून। आईसीएआई भिलाई शाखा (सीआईआरसी) द्वारा एमएसएमई एवं स्टार्टअप समिति, आईसीएआई के सहयोग से एमएसएमई एवं स्टार्टअप विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, उद्यमियों एवं व्यवसायिक पेशेवरों को एमएसएमई क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, सरकारी नीतियों, प्रोत्साहन योजनाओं तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम की नवीनतम जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आईसीएआई के केंद्रीय परिषद सदस्य एवं एमएसएमई एवं स्टार्टअप समिति के अध्यक्ष सीए ज्ञान चंद्र मिश्रा उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में बी.आर. निकुंज, मुख्य महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीआईसी), दुर्ग तथा ऋतुराज तुमराकर, उप संचालक, उद्योग संचालनालय, रायपुर ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
सेमिनार में विशेषज्ञ वक्ताओं के रूप में सीए अरिहंत कुमार बोथरा सुश्री कुमुद मिश्रा(सहायक संचालक, उद्योग संचालनालय, रायपुर), सुश्री यामिन योगरे(सहायक संचालक, उद्योग संचालनालय, रायपुर) एवं एस.के. सिंह, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीआईसी), दुर्ग ने अपने विचार व्यक्त किए।
वक्ताओं ने एमएसएमई के लिए उपलब्ध विभिन्न सब्सिडी योजनाओं, औद्योगिक नीति एवं प्रोत्साहनों, स्टार्टअप इकोसिस्टम, उद्यमिता विकास, सरकारी सहायता योजनाओं तथा व्यवसायिक अवसरों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों ने विषय विशेषज्ञों के साथ संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
आईसीएआई भिलाई शाखा के अध्यक्ष सीए सुखदेव राठी ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि एमएसएमई और स्टार्टअप भारत की अर्थव्यवस्था के विकास के प्रमुख चालक हैं तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स इनके सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन सीए अखिलेश वर्मा द्वारा किया गया। अंत में शाखा के सचिव सीए प्रतीक अग्रवाल ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। यह जानकारी मिडिया प्रभारी शंकर सचदेव ने दी।


