दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 1 जून। सुशासन तिहार के अंतर्गत जन समस्या निवारण शिविर का पांचवा एवं अंतिम चरण का आयोजन नगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुगदा स्थित मानस भवन में किया गया। जिसमें वार्ड क्रमांक 18, 20, 21, और 22 में निवासरत लोगों ने अपनी मांग एवं शिकायत आवेदन के माध्यम से विभिन्न विभागों को दी।
शिविर में राशन कार्ड, लोक निर्माण विभाग, जल विभाग, आधार कार्ड, निशुल्क ई केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन शाखा में जन्म, मृत्यु, विवाह प्रमाण पत्र, श्रम विभाग पुलिस विभाग द्वारा आपकी जन मित्र नशा, साइबर, यातायात जैसे समस्याओं का निराकरण हेतु आवेदन लिया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाओं ने ग्राम में संचालित शराब दुकान को हटाने व बंद करने के लिए आवेदन किया। वहीं वार्ड की महिलाओं ने कहा कि गांव में शराब दुकान खुलने से प्रतिदिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा चौक-चौराहों में लगा रहता है जिसके कारण लड़ाई-झगड़े मारपीट दिन प्रतिदिन गंभीर होते जा रहे है, गांव के युवा नशे के शिकार हो रहे है।
वहीं शिविर में तालाब सौंदर्यीकरण, मुक्तिधाम में पेयजल की व्यवस्था, सडक़ निर्माण एवं मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों के बढ़ते रफ्तार को लेकर भी आवेदन किये गए। वार्ड में मितानिन की कमी के चलते गर्भवती महिलाओं ने स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर समस्यओं को लेकर भी शिकायत किये गए। इस दौरान वार्ड पार्षद ओंकार प्रसाद मारकंडे सहित बड़ी संख्या में वार्ड के निवासी शिविर में पहुंचे। शिविर प्रात: 09 बजे से शाम 04 बजे तक चला।
उक्त शिविर में विभिन्न विभागों के कुल 210 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मांग को लेकर 151 एवं शिकायत के 59 आवेदन शामिल हैं शिविर में हितग्राहियों को राशनकार्ड व आवास निर्माण के प्रमाण पत्र बांटे गए। शिविर में बिजली पानी सडक़ नाली सहित स्वास्थ्य से सम्बंधित जन समस्याओं से जुड़े आवेदनों पर गंभीरता जताते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा ने सम्बंधित विभाग को तत्काल समस्याओं को निराकरण करने का आदेश दिया उन्होंने कहा कि शिविर के आयोजन का उद्देश्य ही यही है कि लोगों की मांगों और शिकायतों का शीघ्र से शीघ्र निवारण हो। इस शिविर में मुख्य रूप से नयाब तहसीलदार भिलाई 3 कुंदन शर्मा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर, पीआईसी सदस्य अश्वनी देशलहरे, पार्षद ओंकार प्रसाद मार्कण्डेय, लोकेश साहू, आर प्रवीण राव, उमेश्वरी साहू, जानकी ध्रुव हेमलता धीवर सांसद प्रतिनिधि मिथिलेश यादव, सहित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इसके साथ ही सुशासन तिहार के अंतिम चरण का समापन सम्पन्न हुआ।


