दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 1 जून। सुशासन तिहार के अंतर्गत नगर पालिक निगम रिसाली के वार्ड क्रमांक 35 एवं 36 (डुंडेरा) में शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे ने एक मांग पत्र सौंपा। इस मांग पत्र में शिक्षा, खेल, पेयजल, सडक़, नाली और विद्युत व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषय शामिल हैं।
सौंपे गए मांग पत्र के अनुसार, डुंडेरा एवं आसपास के क्षेत्रों में विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को देखते हुए एक सार्वजनिक लाइब्रेरी की स्थापना और हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए नए भवन के निर्माण की मांग की गई है। इसके साथ ही युवाओं के लिए व्यायामशाला एवं जिम स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
मांग पत्र में क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों के सुधार पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जिसके अंतर्गत निम्नलिखित कार्य शामिल हैं- मौहारी मैदान का जीर्णोद्धार करना और वहां किनारे लगे लोहे के पोल को शिफ्ट कर लाइटिंग की व्यवस्था करना। वार्ड क्रमांक 36 स्थित गार्डन का नवीनीकरण करना। शिव चौक से रामनगर जाने वाले मार्ग के किनारे नहर क्षेत्र में उगी झाडिय़ों की सफाई, मार्ग का समतलीकरण और नियमित रखरखाव करना।
वार्ड क्रमांक 36 के अंतर्गत शंकर नगर, इंदिरा नगर, कचरू नगर, आश्रम नगर, शांति नगर और भोला नगर सहित विभिन्न मोहल्लों में सीसी रोड तथा नाली निर्माण व मरम्मत कार्य की मांग की गई है। इसके अलावा राजा कॉलोनी और कचरू नगर-मोरीद मार्ग में भी सडक़ एवं नाली निर्माण कार्य कराने का अनुरोध किया गया है।
इसी तरह, वार्ड क्रमांक 35 के शास्त्री चौक, पुराना बाजार चौक, रामनगर, सुभाष चौक एवं गायत्री नगर में सडक़ व नाली निर्माण तथा रामनगर स्थित निर्माणधीन दुर्गा मंच के कार्य को पूरा करने का प्रस्ताव दिया गया है।
मांग पत्र में वार्ड क्रमांक 36 स्थित इंदिरा नगर आंगनबाड़ी केंद्र एवं पानी टंकी के पास के भवनों में बाउंड्री वॉल निर्माण कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही क्षेत्र में आवश्यकतानुसार नए विद्युत पोल लगाने और बिजली व्यवस्था में सुधार करने का आग्रह किया गया है। वहीं, वार्ड क्रमांक 35 स्थित बरमदेव मंदिर परिसर में पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति और पानी टंकी की स्थापना तथा शिव चौक पुल से दर्री तालाब तक बिजली पोल व लाइट लगाने की मांग शामिल है।
पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे ने कहा, सुशासन तिहार के माध्यम से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित मांगों और समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करेगा, जिससे डुंडेरा के विकास को नई गति मिल सके।


