दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 मई। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की सहयोगी संस्था राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाऊंडेशन के मेडिकल विंग द्वारा भारत के विभिन्न राज्यों में तंबाखू निषेध दिवस पर छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर जन जागृति के लिए नशा मुक्ति हेतु आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से हिमांशु कुमार, भारत लाल टाकोटे, घनश्याम अग्निहोत्री जीआरपी दुर्ग,सीमा ठाकुर महिला आरक्षक जीआरपी, सलीम अहमद प्रधान आरक्षक जीआरपी, पूर्णिमा दीदी,रेणु दीदी, धारिणी दीदी व ब्रह्माकुमारी दुर्ग के अनेक भाई-बहन इस आयोजन में उपस्थित थे। कार्यक्रम में पधारे समस्त अतिथियों का ब्रह्मकुमारी बहनों द्वारा पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया व दीप प्रज्वलित कर आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का लक्ष्य उद्देश्य व संस्थान का परिचय देते हुए पूर्णिमा दीदी ने बताया 31 मई को विश्व तंबाखू दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को हानिकारक पदार्थों से बचाना है एवं उससे दूर रहने के लिए जागृत करना है। संस्था का परिचय देते हुए आपने बताया ब्रह्माकुमारी संस्थान विश्वव्यापी संस्था है और भारत सहित विश्व के 146 देशों में संस्था की हजारों शाखाएं हैं जिसके माध्यम से राजयोग ध्यान और आध्यात्मिक शिक्षा के द्वारा समाज में फैली विकृति, बुराइयों और नशे से दूर रहने की शिक्षा दी जाती है इसके साथ ही आपने बताया अभी कुछ ही समय पूर्व भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय (माउंट आबू)का साइन हुआ है, जिसके तहत पूरे भारत में नशा मुक्ति हेतु जन जागृति के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं उसी के अंतर्गत आज यह कार्यक्रम आयोजित हुआ है। इस कार्यक्रम के प्रति ब्रह्माकुमारी दुर्ग की संचालिका रीटा दीदी ने अपनी शुभकामनाएं दी ।
कार्यक्रम में आए हिमांशु कुमार स्टेशन अधीक्षक ने कहा कि वास्तव में नशा समाज के लिए अत्यंत घातक है जो दीमक की तरह परिवार समाज व देश के सभी वर्गों को नुकसान पहुंचा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्णिमा दीदी ने कहा व नशा एक ऐसा मार्ग है जो धीमे जहर की तरह हमारे शरीर को नष्ट करता है आपने बताया लोग डिप्रेशन,अनिद्रा चिंता,तनाव बीती हुई दु:खद घटनाओं की स्मृति, पारिवारिक कलह बुरे संग के कारण इन नशीले पदार्थों का सेवन करने लगते हैं ।
भारत में एक तिहाई कैंसर का कारण तंबाखू है तंबाखू धीमे जहर की तरह कार्य करता है। तंबाकू में 4 हजार रासायनिक तत्व रहते हैं इसमें 400 रासायनिक तत्व हमारे शरीर को नुकसान पहुंचाते हैं। ब्रह्माकुमारी रेणु दीदी ने राजयोग द्वारा नशा मुक्ति कैसे हो ? इस विषय पर कहा कि राजयोग के द्वारा आप सहज भी इन व्यसनों से छुटकारा पा सकते हैं राजयोग के द्वारा जिन्होंने व्यसन को छोड़ा ऐसे 3000 लोगों का अध्ययन किया गया, जिसमें पाया गया कि 97 फीसदी जिन्होंने व्यसन छोड़ा वह सदा के लिए व्यसन से मुक्त हो गए ।
कार्यक्रम पूर्णिमा दीदी ने सभी को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई साथ ही राजयोग ध्यान का अभ्यास भी कराया गया । कार्यक्रम का सकुशल संचालन ब्रह्माकुमार दाऊ भाई ने किया।


