दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 31 मई। नगर पालिक निगम भिलाई के अंतर्गत राष्ट्रीय जनगणना के प्रथम चरण का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप की परवाह न करते हुए इस वृहद कार्य को समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर निगम प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया है। भिलाई निगम आयुक्त ने कहा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य की सफलता में समाज के हर वर्ग, मैदानी स्टाफ और अधिकारियों का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।
जनगणना के इस प्रथम चरण को पूरा करने में नगर पालिक निगम के अधिकारियों से लेकर जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों ने दिन-रात एक कर दिया। निगम क्षेत्र में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालन करने हेतु जोन स्तर में तीन दिवस का प्रशिक्षण हुआ । प्रशिक्षण पश्चात् जनगणना का प्रथम चरण मई की चिलचिलाती धूप और भीषण उमस के बावजूद पूरी की गई, भिलाई की टीम मुस्तैदी से मैदान में डटी रही। इस कार्य की सफलता में मुख्य रूप से जिला प्रशासन के साथ निगम प्रशासन एवं पूरे टीम का विशेष योगदान रहा है।
निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय जिनके कुशल मार्गदर्शन और कुशल रणनीतिक नेतृत्व में पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हुई। डी के कोसरिया प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी जिन्होंने माइक्रो-प्लानिंग के साथ पूरे अभियान की कमान संभाली।
प्रथम चरण के इस सफल समापन के बाद, नगर पालिक निगम भिलाई अब अगले चरणों के लिए पूरी तरह तैयार है। निगम प्रशासन ने इस गौरवपूर्ण कार्य को निष्ठापूर्वक पूरा करने वाली पूरी टीम को बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि भविष्य के चरणों में भी भिलाई की जनता और निगम का अमला इसी तालमेल के साथ कार्य करेगा।


