दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 27 मई। भीषण गर्मी और 45 से 46 डिग्री तापमान के बीच जहां लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं, वहीं यातायात पुलिस के जवान लगातार चिलचिलाती धूप में ड्यूटी निभा रहे हैं। इसी दौरान दुर्ग यातायात पुलिस की महिला नव आरक्षक ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की।
27 मई को राजेंद्र पार्क चौक दुर्ग में ड्यूटी पर तैनात महिला नव आरक्षक केशर साहू ने एक वृद्ध महिला को प्यास से व्याकुल अवस्था में देखा। वृद्ध महिला की हालत को देखते हुए उन्होंने तुरंत अपने पास उपलब्ध पानी से महिला को पानी पिलाकर राहत पहुंचाई।
महिला आरक्षक की इस संवेदनशील पहल को देखकर वहां मौजूद लोगों ने पुलिस के मानवीय चेहरे की सराहना की। भीषण गर्मी में जहां यातायात पुलिस लगातार व्यवस्था संभालने में जुटी है, वहीं जरूरतमंद लोगों की मदद कर सामाजिक जिम्मेदारी भी निभा रही है।
यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर मुस्तैदी से ड्यूटी कर नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जुटे हुए हैं।
पुलिस विभाग ने महिला नव आरक्षक केशर साहू के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए इसे सेवा और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।


