दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 मई। झीरम घाटी में नक्सली हमले में शहीद हुई कांग्रेस नेताओं को आज दुर्ग जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की उपस्थिति में कांग्रेस जनों ने श्रद्धांजलि देकर उनकी शहादत को नमन किया। सभी वरिष्ठ जन, पार्टी के पदाधिकारीगण व कार्यकर्ताओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत भावुक और गंभीर है। आज हम यहां किसी उत्सव के लिए नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ महतारी के उन वीर सपूतों को याद करने और उनके चरणों में अपने श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए एकत्र हुए हैं, जिन्होंने प्रदेश की माटी के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। झीरम घाटी का वह मंजर याद करके आज भी रूह कांप उठती है। वह केवल एक हमला नहीं था, वह हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था और छत्तीसगढ़ की शांति पर हुआ एक कायरतापूर्ण प्रहार था। लेकिन हमारे नेताओं ने पीठ नहीं दिखाई, वे लड़ते-लड़ते शहीद हो गए। इस दौरान उन्होंने स्व. नंदकुमार पटेल, स्व. महेंद्र कर्मा, स्व. उदय मुदलियार को याद किया। इन शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि सिर्फ फूल चढ़ाने से नहीं होगी। उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि तब मिलेगी, जब हम उनके दिखाए रास्ते पर चलेंगे।


