दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 25 मई। स्वदेशी व्यापारी मंच के आह्वान पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं स्वावलंबी भारत अभियान के सदस्यों द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी अपनाने के आह्वान को जन-जन तक पहुँचाना और समाज में आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना था।
चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने उपस्थितजनों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और विक्रय का संकल्प दिलाया गया। श्री भसीन ने कहा कि आज समय की मांग है कि हम अपने आचरण में परिवर्तन लाकर स्वदेशी को अपनाएं। इसके तहत तेल की बचत, सोने की खरीद से परहेज़ और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने जैसे छोटे-छोटे संकल्प समाज को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होंगे।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी व्यापारी मंच व्यापारियों को एकजुट कर उनकी समस्याओं के समाधान तक साथ चलेगा। यह मंच न केवल स्वदेशी उत्पादों और तकनीक को बढ़ावा देगा बल्कि युवाओं को व्यापार क्षेत्र से जोडक़र आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि छोटे-छोटे स्थानों पर जाकर जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह केवल व्यापारियों का आंदोलन नहीं है, बल्कि पूरे समाज को स्वावलंबी बनाने का प्रयास है।
कार्यक्रम में उद्योग चेम्बर के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि हमें एक्सपोर्ट कल्चर को विकसित करना होगा और भारत को एक मजबूत निर्यातक देश बनाने की दिशा में काम करना होगा। उन्होंने बताया कि कोविड काल में भी इस दिशा में प्रयास किए गए थे और आगे भी इसे जारी रखा जाएगा। प्रमुख सलाहकार कन्हैया सोनी ने कहा कि इस आह्वान को पत्रक और जनसंपर्क के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब समाज में जागृति आएगी तो स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग स्वत: बढ़ेगा और देश की अर्थव्यवस्था सशक्त होगी।
बैठक में सतेंद्र यादव, आलोक सिंह, अभिषेक कुमार सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह, रामाराव, पूजा वर्मा, मधुर पाराशर, विजय लक्ष्मी साहू, भारती विशाल देशमुख, सरोजिनी पाणिग्रही, रश्मि वर्मा, अभय कुमार और सुनील मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


