दुर्ग
भिलाई नगर, 22 मई। दुर्ग जिले में की जामगांव आर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा अंग्रेजी शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना जामगांव आर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोरवाय निवासी एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 एक्यू 3475 में अवैध रूप से शराब रखकर बेल्हारी से बोरवाय की ओर ले जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम औरी नहर नाली पुलिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान बाइक की सामने टंकी में रखी लाल रंग की प्लास्टिक बोरी से 30 पौवा जम्मू स्पेशल व्हिस्की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। आरोपी शराब परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने शराब और बाइक सहित करीब 36 हजार रुपये का सामान जब्त किया। मामले में थाना जामगांव आर में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष जांगड़े ग्राम बोरवाय, थाना जामगांव आर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।


