दुर्ग

सुशासन तिहार : सामुदायिक मंगल भवन में तीसरा शिविर
21-May-2026 5:25 PM
सुशासन तिहार : सामुदायिक मंगल भवन में तीसरा शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 मई।
नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 20 पंचशील नगर चरौदा स्थित सामुदायिक मंगल भवन में बुधवार को सुशासन तिहार के तीसरे शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में वार्ड क्रमांक 18 से 29 तक के जनप्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों एवं बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने सहभागिता निभाई। शिविर में लोगों ने अपनी मांगों, समस्याओं एवं विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़े आवेदन निगम प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए।
शिविर के दौरान निगम प्रशासन की ओर से नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। प्राप्त आवेदनों पर आगामी दिनों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन अधिकारियों द्वारा दिया गया। शिविर में पेयजल, सडक़, सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेंशन, राशन कार्ड एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित आवेदन बड़ी संख्या में प्राप्त हुए।

शिविर के दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहल भी देखने को मिली। समाज कल्याण विभाग की ओर से भिलाई-3 विश्व बैंक कॉलोनी निवासी दिव्यांग बालिका कु. राजेश्वरी यादव को मोटराइज ट्राइसायकल प्रदान किया गया। ट्राइसायकल मिलने पर बालिका एवं उसके परिजनों ने खुशी जाहिर करते हुए शासन एवं निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय स्वास्थ्य विभाग द्वारा किशोरी बालिकाओं को सेनेटरी नेपकीन किट का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल की गई। शिविर में उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों ने इस अभियान की सराहना की।
शिविर में आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आरटीओ विभाग, पशुधन विभाग, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, राजस्व विभाग सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी भी नागरिकों को दी और मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया। निगम अधिकारियों ने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट