दुर्ग
भिलाई नगर, 19 मई। थाना पद्मनाभपुर अंतर्गत विशाल मेगा मार्ट के सामने वाहन टक्कर के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने युवक और उसके साथियों पर डंडे व पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी मामले में शामिल पाया गया है।
सीएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि घटना 14 मई की रात करीब 11.30 बजे की है। प्रार्थी अपने मित्र के साथ मोटरसाइकिल से होटल से खाना खाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान विशाल मेगा मार्ट के सामने आरोपी लोकेश्वर साहू ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन चालक सडक़ पर गिर गए।
घटना के बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी लोकेश्वर साहू, अंकित परगनिहा, ओमप्रकाश उर्फ बप्पी देवांगन तथा एक विधि से संघर्षरत बालक ने एक राय होकर प्रार्थी व उसके साथियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में प्रार्थी के सिर, आंख और कंधे में चोटें आई हैं।
बताया गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इस दौरान केलाबाड़ी निवासी शकील खान के सिर में गंभीर चोट आई, जिनका उपचार जारी है।
मामले की सूचना मिलते ही थाना पद्मनाभपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5), 109 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने मामले में आरोपी अंकित परगनिहा निवासी कसारीडीह वार्ड-44 दुर्ग, ओमप्रकाश उर्फ बप्पी देवांगन निवासी बोरसी सुभाष चौक दुर्ग तथा लोकेश्वर साहू निवासी बोरसी, थाना पद्मनाभपुर दुर्ग को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


