दुर्ग

आईपीएल ऑनलाइन सट्टा: हैदराबाद से मास्टर माइंड समेत 13 गिरफ्तार, 5 करोड़ का ट्रांजेक्शन मिला
19-May-2026 3:39 PM
आईपीएल ऑनलाइन सट्टा: हैदराबाद से मास्टर माइंड समेत 13 गिरफ्तार, 5 करोड़ का ट्रांजेक्शन मिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 भिलाई नगर/दुर्ग, 19 मई। आईपीएल क्रिकेट सट्टे के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दुर्ग पुलिस ने हैदराबाद में संचालित ऑनलाइन सट्टा पैनल पर बड़ी कार्रवाई की है। मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन, म्यूल अकाउंट और संगठित अपराध के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों से 9 लैपटॉप, 46 मोबाइल फोन, 107 एटीएम कार्ड, 23 पासबुक, सिम कार्ड और 2.57 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार थाना छावनी एवं एसीसीयू टीम ने कार्रवाई करते हुए जावेद अख्तर निवासी चरौदा और आभास जायसवाल को विभिन्न बैंक खातों के दस्तावेजों सहित पकड़ा था। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे स्लम एरिया और अन्य लोगों के नाम से विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर पासबुक, एटीएम, सिम कार्ड और चेकबुक को कुरूद जामुल निवासी कुणाल वर्मा को 25 हजार रुपये प्रति खाते के हिसाब से बेचते थे।

जांच में सामने आया कि कुणाल वर्मा इन बैंक खातों और दस्तावेजों का उपयोग ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टे में पैसों के लेनदेन, डिपॉजिट और विड्रॉल के लिए करता था। वह स्वयं ‘सेट स्पोर्ट्स बुक’ पैनल संचालित करता था। पूछताछ के दौरान पता चला कि हैदराबाद के अल्कापुरम स्थित एसएस रेसिडेंसी और शमसाबाद की नक्षत्र सोसायटी में बैठकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा था।

पुलिस ने कुणाल वर्मा की निशानदेही पर विक्की साहू, अभिषेक भारती, गुफरान खान, राजकुमार पासवान, तुकेश्वर साहू, जेदखान, के श्रीनु, शेख सद्दाम, विकास राय, विकास निषाद, रोहित चौहान, कुणाल वर्मा और प्रतीक पटेल को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया।

पुलिस जांच में विभिन्न बैंक खातों में करीब 5 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन का पता चला है। साथ ही इन खातों से जुड़े 63 साइबर शिकायतें भी सामने आई हैं। पुलिस अब सिंडिकेट द्वारा संचालित म्यूल अकाउंट्स पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। सभी आरोपियों की संपत्ति का ब्यौरा भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि कुणाल वर्मा पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है, जो सट्टा पैनल खरीदकर म्यूल अकाउंट की व्यवस्था करता था। उसके ऊपर के नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की भी जांच जारी है।

मामले में थाना छावनी में धारा 318(4), 319, 317(2), 317(4), 111, 61(2) बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने बताया कि आईपीएल सीजन 2026 के दौरान ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ अब तक 14 बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम रवाना की गई है।


अन्य पोस्ट