दुर्ग

चेकिंग में 7 धारदार हथियार के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार
18-May-2026 9:02 PM
चेकिंग में 7 धारदार हथियार के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 मई।
उर्स कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने शनिवार-रविवार रात बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। थाना सिटी कोतवाली, मोहन नगर, पदमनाभपुर समेत विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध धारदार हथियार लेकर घूम रहे 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 धारदार हथियार जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार उर्स कार्यक्रम में भारी भीड़ उमडऩे की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है। इसी दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जहां उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए। सभी आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
दुर्ग सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में ऋषि यादव, तुषार अग्रवाल और शेखर नामदेव के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं मोहन नगर पुलिस ने मोहम्मद अबरार और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पद्मनाभपुर पुलिस ने गुरप्रीत सिंह और विक्की गायकवाड को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उर्स जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना रोकने और आमजन में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। कार्यक्रम स्थल और आसपास लगातार पुलिस बल तैनात कर निगरानी रखी जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग, एसडीओपी पाटन सहित सिटी कोतवाली, मोहन नगर, पद्मनाभपुर, पुरानी भिलाई, धमधा, पाटन थाना, एसएएफ और अन्य पुलिस टीमों ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक एवं धार्मिक आयोजनों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


अन्य पोस्ट