दुर्ग

कुम्हारी टोल प्लाजा पर वाहन चेकिंग के दौरान सिपाही को कुचलने की कोशिश, नागपुर के दो गिरफ्तार, कार जब्त
16-May-2026 9:39 PM
कुम्हारी टोल प्लाजा पर वाहन चेकिंग के दौरान सिपाही को कुचलने की कोशिश, नागपुर के दो गिरफ्तार, कार जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 16 मई। कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार कार चालक द्वारा यातायात आरक्षक को कुचलने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है।

घटना के बाद यातायात पुलिस ने पीछा कर सिरसा गेट के पास कार सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 12:40 बजे यातायात पुलिस दुर्ग की टीम कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। ड्यूटी पर तैनात आरक्षक रमेश चंद्राकर ने रायपुर से दुर्ग की ओर आ रही कार क्रमांक एमएच 02 एवाय 3475 को रोकने का संकेत दिया। कार में ब्लैक फिल्म लगी हुई थी और वाहन तेज रफ्तार में था।

पुलिस के अनुसार, चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार की रफ्तार और बढ़ा दी तथा आरक्षक रमेश चंद्राकर को कुचलने का प्रयास किया। बचाव के दौरान आरक्षक के हाथ की उंगली में चोट आई और वह सडक़ पर गिर गया। आरोप है कि चालक ने उसके सिर के ऊपर भी वाहन चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन आरक्षक सतर्कता से पीछे हटकर बच गया।

घटना के बाद यातायात पुलिस की टीम ने तत्काल पीछा कर सिरसा गेट के पास कार को घेराबंदी कर पकड़ लिया। वाहन में दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रमजान निवासी न्यू नेहरू नगर, नागपुर और जाकिर मोहम्मद निवासी बड़ा ताजबाग, सक्करदारा, नागपुर बताया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कुम्हारी में बीएनएस की धारा 109(1), 221, 3(5) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 100 के तहत मामला दर्ज किया है। घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं कार में मौजूद युवतियों के परिजनों को सूचना देकर बयान लिए जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट