दुर्ग

शिक्षा मंत्री ने पुलगांव और उरला हाईस्कूल में अतिरिक्त कक्ष व हॉल निर्माण का किया भूमिपूजन
15-May-2026 4:25 PM
शिक्षा मंत्री ने पुलगांव और उरला हाईस्कूल में अतिरिक्त कक्ष व हॉल निर्माण का किया भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 मई।
दुर्ग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पुलगांव एवं उरला स्थित शासकीय हाईस्कूल में अतिरिक्त कक्ष, हॉल एवं शौचालय निर्माण कार्य हेतु आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि पुलगांव हाईस्कूल में 10 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण किया जाएगा, वहीं उरला हाईस्कूल में अतिरिक्त कक्षों के साथ हॉल एवं शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इन निर्माण कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण, पर्याप्त स्थान एवं आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना भी सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान इसी वर्ष घोषित परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और अनुशासन से ही सफलता प्राप्त होती है तथा विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ अध्ययन जारी रखना चाहिए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, जिला उपाध्यक्ष अशोक राठी, मंडल अध्यक्ष कौशल साहू, महेन्द्र लोढ़ा, बंटी चौहान, सभापति श्याम शर्मा, पार्षद अश्वनी निषाद, शिव नायक, साजन जोसफ, हीरोंदी चंदानिया, भाजयुमो अध्यक्ष हिमांशु सिंह, डीईओ अरविन्द मिश्रा, कार्यकर्ता एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट