दुर्ग

सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की डायरेक्टर संगीता केतन शाह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
15-May-2026 12:45 PM
सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की डायरेक्टर संगीता केतन शाह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

भिलाई नगर, 14 मई। सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की डायरेक्टर संगीता शाह और उनके पति केतन शाह को जिला कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। जुनवानी जमीन धोखाधड़ी मामले में दायर उनकी अग्रिम जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी है। कोर्ट ने मामले को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए कहा कि आरोपियों को अग्रिम जमानत का लाभ नहीं दिया जा सकता।

ज्ञात हो कि यह मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है, जहां शिकायतकर्ता सुनील कुमार सोमन ने आरोप लगाया है कि मार्च 2023 में आरोपियों ने ग्राम कोहका स्थित विवादित जमीन को विवादमुक्त बताकर 50 लाख रुपये में सौदा किया और 10 लाख रुपये एडवांस लिए। बाद में रजिस्ट्री करने से इनकार कर दिया गया। आरोप है कि इसी जमीन पर बाद में करीब 4.50 करोड़ रुपये का लोन भी लिया गया।

पीडि़त पक्ष के अधिवक्ता अभिषेक दास वैष्णव ने कोर्ट को बताया कि आरोपियों ने तथ्यों को छिपाकर जमीन पर बैंक लोन हासिल किया। कोर्ट के आदेश पर सुपेला थाना में धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक साजिश समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

वहीं आरोपी पक्ष ने कोर्ट में दावा किया कि शिकायतकर्ता को 10 लाख रुपये वापस कर दिए गए थे और रिपोर्ट करीब तीन साल बाद दर्ज कराई गई। संगीता शाह ने यह भी कहा कि वे एक बड़ी औद्योगिक कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं और कंपनी से हजारों लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी है। उन्होंने इसे उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया।

सुनवाई के दौरान कोर्ट के सामने यह तथ्य भी रखा गया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी पुलगांव थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो चुका है। अदालत ने माना कि आरोपियों ने पूर्व में दी गई शर्तों का पालन नहीं किया और दोबारा समान गतिविधियों में शामिल पाए गए।

अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश पी एस मरकाम की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।

अक्सर लाईव आ रहीं संगीता 5 दिन से नदारद

गौरतलब हो कि सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हुए हर रोज लाईव आने वाली संगीता शाह हाल ही में एक तरफ 17 हजार फोलोअर्स फेसबुक पेज पर होने की खुशियां शेयर कर रहीं थीं, तभी दूसरी तरफ अदालत ने दुर्ग पुलिस को जमीन धोखाधड़ी मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे। जुर्म दर्ज होते ही संगीता शाह फिलहाल फेसबुक पर 5 दिनों से नदारद हैं। अपराध दर्ज होने के बाद दुर्ग पुलिस लगातार शाह को गिरफ्तार करने प्रयास भी कर रही है।


अन्य पोस्ट