दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 मई। दुर्ग जिले के पुरैना इलाके में कल शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। मृतक शक्ति बिश्नोई कक्षा 12वीं का छात्र था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शक्ति अपने दोस्तों के साथ मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। शाम के वक्त अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। जब सभी बच्चे मैदान से वापस सुरक्षित स्थान की ओर भाग रहे थे, तभी अचानक तेज बिजली कडक़ी और शक्ति उसकी चपेट में आ गया।
घटना के तुरंत बाद दोस्त और स्थानीय लोग उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे बीएम शाह हॉस्पिटल ले गए, जहाँ जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का इकलौता चिराग बुझा
शक्ति बिश्नोई पिता संतोष बिश्नोई घर का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की सूचना मिलने पर पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मरच्युरी भेज दिया है।


