दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 मई। जिम्नास्टिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में सीनियर राष्ट्रीय जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप 25 अप्रैल से 03 मई 2026 तक भुवनेश्वर (ओडिशा ) में आयोजित की गई थी जिसमें राज्य के प्रतिभाशाली जिम्नास्ट ए नवीन साईं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया है। यह उपलब्धि राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है, क्योंकि राज्य बनने के बाद जिम्नास्टिक्स खेल में यह पहला स्वर्ण पदक दर्ज किया गया है। नवीन ने विगत कई वर्षों की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास एवं अपने कोचों के मार्गदर्शन से यह सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार और कोचों का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे राज्य को भी गौरवान्वित किया है।
इस अवसर पर नवीन ने उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से सौहार्दपूर्ण भेंट की। मंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा उज्ज्वल भविष्य हेतु आशीर्वाद प्रदान किया और कहा कि यह उपलब्धि अन्य खिलाडिय़ों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने यह आश्वासन दिया कि आगामी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी हेतु नवीन को आवश्यक प्रशिक्षण सुविधाएँ, सहयोग एवं अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य एवं देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार खेलों के विकास एवं खिलाडिय़ों के प्रोत्साहन हेतु निरंतर कार्य कर रही है तथा प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को आगे बढऩे के बेहतर अवसर प्रदान किए जाएंगे।


