दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 मई। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व ’अटूट आस्था के 1000 वर्ष’ कार्यक्रम का आयोजन प्राचीन शिव मंदिर देवबलौदा में जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, महापौर अलका बाघमार, कलेक्टर अभिजीत सिंह, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, पूर्व मंत्री रमशीला साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सांसद विजय बघेल एवं दुर्ग निगम की महापौर अलका बाघमार ने प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं शहरवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गई पूजा-अर्चना का सीधा प्रसारण किया गया। सांसद श्री बघेल ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। हजारों वर्षों से हमारी परम्पराएं समाज को एकता, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक विरासत से जोडऩे का कार्य करते हैं।


