दुर्ग

सूने मकान में लाखों की चोरी, शादी में गया था परिवार
11-May-2026 4:28 PM
सूने मकान में लाखों की चोरी, शादी में गया था परिवार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 मई।
दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत राधिका नगर में शनिवार रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने एक रेलवे लोको पायलट के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 7 से 8 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि यह चोरी थाने के ठीक पीछे स्थित इलाके में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, राधिका नगर निवासी त्रिलोकी नाथ, जो रेलवे में लोको पायलट हैं, शनिवार रात अपने परिवार के साथ खुर्सीपार में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। जब परिवार देर रात वापस लौटा, तो घर के पीछे का दरवाजा खुला मिला। भीतर जाने पर कमरे की अलमारी टूटी हुई थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
पीडि़त परिवार के अनुसार, चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवर, लगभग 1 लाख रुपये नगद और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया है। शुरुआती आंकलन के अनुसार कुल चोरी लगभग 7 से 8 लाख रुपये की बताई जा रही है।

सीसीटीवी बंद होने  से बढ़ी मुश्किल
घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि घर के बाहर सीसीटीवी कैमरा तो लगा था, लेकिन वह बंद था। परिजनों का मानना है कि जल्दबाजी में घर से निकलते समय कैमरे का स्विच बंद रह गया होगा।

पुलिस को रेकी  की आशंका
रविवार सुबह पुलिस की टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंची और आस-पास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस को संदेह है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की थी, क्योंकि उन्हें पता था कि परिवार कुछ ही घंटों के लिए बाहर जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट