दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 मई। जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा प्रदेश शतरंज संघ के मार्गदर्शन में जी एच रायसोनी की स्मृति में जी एच रायसोनी स्पोर्ट्स एंड कल्चरल फाउंडेशन व कल्पना प्रकाश वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से शनिवार 23 मई को दुर्ग संभाग एक दिवसीय रैपिड शतरंज स्पर्धा का आयोजन जलाराम सांस्कृतिक भवन सिविल लाइन दुर्ग में किया गया है।
जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत सचिव तुलसी सोनी ने स्पर्धा संबंधी विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उक्त स्पर्धा में दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले दुर्ग, राजनांदगांव,बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़ छुईखदान गंडई ,मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के शतरंज खिलाड़ी ही भाग ले सकते हैं।
स्पर्धा में कुल 51 हजार रुपए राशि पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे। जिसमें प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपए एवं विजेता ट्रॉफी, द्वितीय 7 हजार रुपए एवं उपविजेता ट्रॉफी, तृतीय 5 हजार रूपए एवं ट्रॉफी चतुर्थ 3 हजार रुपए एवं मोमेंटो, पांचवा 2 हजार रुपए एवं मोमेंटो,छठवां से लेकर दसवां स्थान 15 सौ रुपए एवं मोमेंटो तथा ग्यारहवें से लेकर पंद्रहवें स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को 1 हजार रूपए एवं मोमेंटो प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा बेस्ट महिला खिलाड़ी,बेस्ट दुर्ग जिला खिलाड़ी,बेस्ट वरिष्ठ खिलाड़ी में प्रथम 15 सौ रुपए एवं द्वितीय 1 हजार रूपए एवं मोमेंटो के अलावा मिनी सब जूनियर एवं सब जूनियर वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को मोमेंटो प्रदान किया जाएगा। तथा भाग लेने वाले सभी खिलाडिय़ों को मेडल एवं ई सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाएगा। स्पर्धा में प्रवेश शुल्क 5 सौ रूपए निर्धारित है तथा प्रवेश की अंतिम तिथि 16 मई तक है। प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक इंटरनेशनल आर्बिटर रॉकी देवांगन एवं तकनीकी सहायक के रूप में फीडे आर्बिटर अनिल शर्मा होंगे। जिला शतरंज संघ के मुख्य संरक्षक कैलाश जैन बरमेचा एवं पदाधिकारी दिनेश जैन, ललित वर्मा, दिनेश नालोडे, मोरध्वज चंद्राकर, एस के भगत, संजय खंडेलवाल,हरीश सोनी,जवाहर सिंह राजपूत,अजय साहू,त्रिलोक सोनी,गुलाब चौहान ने दुर्ग संभाग के शतरंज प्रतिभागियों से इस स्पर्धा में भाग लेने की अपील की है।


