दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 10 मई। पिछले 6-7 महीनों से नगर पालिका के पार्किंग में सक्रिय साइकिल चोर आखिरकार पकड़ा गया है। खास बात यह है कि इस चोर को किसी और ने नहीं, बल्कि नगर पालिका के ही कर्मचारियों ने अपनी सतर्कता से शनिवार की सुबह करीब 7 बजे रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी को पकडऩे के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पकड़े जाने के समय आरोपी नशे की हालत में था।
जानकारी के अनुसार, 6 मई को आयोजित जन समस्या निवारण शिविर के दौरान एक कर्मचारी की साइकिल स्टैंड से चोरी हो गई थी। जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, तो उसमें सुबह 9.45 बजे एक अज्ञात व्यक्ति साइकिल ले जाते हुए नजर आया। इस फुटेज के आधार पर नगर पालिका के लोग लगातार उस संदिग्ध पर नजर रखे हुए थे। आज सुबह जैसे ही वह व्यक्ति दोबारा पार्किंग क्षेत्र में दाखिल हुआ, वहां मौजूद कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर-दबोचा।
पार्किंग क्षेत्र से पिछले कुछ महीनों में कुल 7 साइकिलें और 1 बाइक चोरी होने की जानकारी सामने आई है। बाइक तो पहले ही बरामद कर ली गई थी, लेकिन साइकिलों की चोरी का सिलसिला थम नहीं रहा था। अब तक कुल 6 साइकिलें चोरी हो चुकी हैं, जिनमें से 4 साइकिलें नगर पालिका के कर्मचारियों की हैं और 2 साइकिलें आम नागरिकों की हैं।
पकड़े गए आरोपी के पास से एक बोरी और कुछ औजार भी बरामद हुए हैं, जिनका उपयोग वह साइकिलों के ताले तोडऩे और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए करता था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नशे की हालत में अपना नाम संतोष साहू बताया है, हालांकि उसकी पहचान के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।


