दुर्ग
दुर्ग, 10 मई। पावर हाउस बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर रील बनाते समय तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का वीडियो वायरल होने के बाद छावनी पुलिस ने दो युवकों को पकडक़र कार्रवाई की है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि शनिवार को थाना छावनी पुलिस को मोबाइल वाट्सएप के माध्यम से एक वीडियो मिला। इसमें पावर हाउस बस स्टैंड के पास रायपुर-दुर्ग मुख्य मार्ग पर मोटर सायकल एवं बुलेट वाहन चालक द्वारा इंस्टाग्राम रील बनाने के दौरान तेज एवं लापरवाहीपूर्वक खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए देखा गया। प्राप्त वीडियो के आधार पर थाना छावनी पुलिस ने तत्काल जांच कर वाहन चालकों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आकाश पाण्डेय एवं रितेश साहू निवासी प्रगति नगर, नेहरू चौक, कैम्प-01 बताया। आरोपियों का कृत्य सार्वजनिक मार्ग पर अन्य वाहन चालकों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा पाया गया। मामले में आरोपी आकाश पाण्डेय एवं आरोपी रितेश साहू के विरुद्ध धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।


