दुर्ग

पावर हाउस क्षेत्र में सडक़ बाधा और गंदगी फैलाने वालों पर निगम की कार्रवाई
09-May-2026 4:45 PM
पावर हाउस क्षेत्र में सडक़ बाधा और गंदगी फैलाने वालों पर निगम की कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 मई।
नगर पालिक निगम भिलाई के जोन-03 मदर टेरेसा नगर अंतर्गत पावर हाउस क्षेत्र में सडक़ बाधित कर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों एवं फल ठेला संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। निगम की टीम द्वारा सडक़ एवं आसपास गंदगी फैलाने वालों, प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों तथा कबाड़ी व्यवसाय के माध्यम से गंदगी फैलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों से सडक़ बाधा उत्पन्न करने एवं गंदगी फैलाने के आरोप में कुल 4400 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। कुछ लोग ट्रांसफार्मर के नीचे अपना व्यवसाय कर रहे थे जिसे निगम के अधिकारियों ने संबंधितों को समझाइश देते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा सडक़ बाधा या गंदगी फैलाते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम द्वारा लगातार शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा स्वच्छता व्यवस्था बेहतर करने अभियान चलाया जा रहा है।
पावर हाउस क्षेत्र शहर का व्यस्ततम इलाका होने के कारण यहां सडक़ पर अतिक्रमण एवं गंदगी फैलाने से आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कार्यवाही के दौरान बसंत देवांगन, बीरेन्द्र बंजारे, चुड़ामणी यादव, तोडफ़ोड़ प्रभारी हरिओम गुप्ता सहित निगम की टीम उपस्थित रही।
 


अन्य पोस्ट