दुर्ग

उपकोषालय को बेमेतरा में विलय करने से साजा के लोगों को होगी परेशानी-मूलचंद
09-May-2026 4:39 PM
उपकोषालय को बेमेतरा में विलय करने से साजा के लोगों को होगी परेशानी-मूलचंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 मई।
साजा क्षेत्र के उपकोषालय का बेमेतरा जिले में विलय किए जाने के प्रस्ताव पर क्षेत्रवासियों में गहरी नाराजगी है। भाजपा संगठन किसान मोर्चा के मीडिया प्रभारी अधिवक्ता मूलचंद शर्मा ने सुविधाओं के केंद्रीकरण पर उच्च स्तर पर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने बताया कि उपकोषालय के बेमेतरा में मर्ज होने से साजा क्षेत्र के लोगों को भौगोलिक स्थिति के कारण काफी असुविधा होगी। इस निर्णय पर पुनर्विचार कर एक व्यावहारिक एवं संतुलित समाधान निकालना आवश्यक है।
उन्होंनेे कहा कि राज्य स्तर पर भले ही उपकोषालयों को लेकर नीति पर काम चल रहा हो, साजा जैसे विस्तृत क्षेत्र में सुविधाओं को समाप्त करने के बजाय उन्हें सुदृढ़ किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि यहां लिंक कोर्ट, पुलिस मुख्यालय और नि:शुल्क कोचिंग सहित कई विकास प्रस्ताव शासन के पास लंबित हैं। सडक़ चौड़ीकरण का कार्य भी स्वीकृत होने की स्थिति में है। इन विकास संभावनाओं के बीच उपकोषालय के विलय से क्षेत्र में मायूसी का वातावरण है।

मूलचंद शर्मा ने इस संबंध में साजा के विधायक ईश्वर साहू से चर्चा की है और कहा है कि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल को भी अवगत करवाया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्रीय जनता की भावना एवं पूर्व में मिल रही सुविधाओं को देखते हुए शीघ्र ही ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दोहराया कि जनहित से ऊपर राजनीति नहीं, सभी को मिलकर इस मामले में कार्य करने की आवश्यकता है।


अन्य पोस्ट