दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 मई। नकली धातु के पायल को चांदी का बताकर ज्वेलरी दुकान संचालक से असली चांदी का पायल लेकर फरार अंतर्राज्यीय ठग को रेलवे स्टेशन परिसर से सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से ठगी की एक जोड़ी चांदी का पायल एवं खरीदे रसीद जब्त की है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 7 मई को प्रार्थी आशीष जैन (40 वर्ष) निवासी मधुबन वाटिका खंडेलवाल कॉलोनी दुर्ग ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दो व्यक्ति उसकी ज्वेलरी दुकान में आए तथा अपने पास रखे पुराने चांदी के पायल एवं हाथ का कड़ा दिखाकर उसे असली चांदी का होना बताया।
रात्रि में दुकान बंद करते समय प्रार्थी ने पुराने पायल की जांच करने पर वह नकली धातु का पाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम घटना स्थल निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, प्रार्थी के कथन एवं आरोपी द्वारा प्रस्तुत आधार कार्ड के आधार पर आरोपियों की तलाश की। मुखबिर सूचना पर रेलवे स्टेशन स्थित यात्री प्रतीक्षालय में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों राजेश साहू (39 वर्ष) निवासी ग्राम पारकना, थाना मुंगावली, जिला अशोकनगर (म.प्र.) व प्रदीप श्रीवास्तव (35 वर्ष) निवासी ग्राम अमनचार, थाना मुंगावली, जिला अशोकनगर (म.प्र.) ने नकली पायल देकर असली चांदी का पायल प्राप्त कर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी चांदी का पायल एवं महावीर ज्वेलर्स की खरीद रसीद जब्त की गई।
आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।


