दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 मई। भिलाई स्थित पॉवर जिम में आयोजित 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य बालक एवं बालिका पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के दौरान छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन की विशेष बैठक संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित समस्त पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा को छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन का अध्यक्ष निर्वाचित किया।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी सोनी ने श्री बरमेचा के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। इसकी औपचारिक घोषणा एसोसिएशन के महासचिव कृष्णा साहू द्वारा की गई। इस अवसर पर खिलाडिय़ों एवं पदाधिकारियों ने नव निर्वाचित अध्यक्ष श्री बरमेचा का पुष्पमाला एवं ट्रॉफी देकर सम्मान किया तथा शुभकामनाएँ प्रेषित की। श्री बरमेचा ने भी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों को उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ दीं।
ज्ञातव्य है कि श्री बरमेचा के विशेष प्रयासों एवं शहर के विभिन्न क्लबों के सहयोग से राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैम्पियनशिप में भाग लेने वाले 19 खिलाडिय़ों के लिए ट्रैकसूट किट उपलब्ध कराई गई है। खिलाडिय़ों को यह सामग्री सोमवार, 11 मई को सेक्टर-6 भिलाई स्थित पॉवर जिम में आयोजित सादे समारोह में प्रदान की जाएगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 20 मई तक अमलापुरम (आंध्र प्रदेश) में किया जाएगा।
यह जानकारी छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी सोनी एवं महासचिव कृष्णा साहू ने संयुक्त रूप से प्रदान की।


