दुर्ग

भिलाई-चरोदा में सुशासन तिहार
07-May-2026 6:21 PM
भिलाई-चरोदा में सुशासन तिहार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 मई। निगम भिलाई-चरोदा के उमदा वार्ड में मंगलवार को आयोजित सुशासन तिहार में दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन किया और वहां आभा आईडी बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली।
शिविर में कुल 23 लोगों की आभा आईडी बनाई गई। उन्होंने लोगों को आभा आईडी बनवाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अपने सामने ही एक हितग्राही की आभा आईडी बनवाई।
स्वास्थ्य शिविर के संयोजक बीईटीओ सैयद असलम ने बताया कि कलेक्टर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी आभा आईडी अवश्य बनवानी चाहिए। यह आईडी व्यक्ति के स्वास्थ्य संबंधी संपूर्ण जानकारी रखती है, जिससे किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर को इलाज उपलब्ध कराने और मरीज की पूर्व की स्वास्थ्य स्थिति का पता लगाने में सहयोग मिलता है।
इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से एचपीव्ही वैक्सीन लगाने के बारे में भी लोगों को जानकारी देने और सहयोग करने की अपील की गई। एचपीव्ही वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एक महत्वपूर्ण टीका है, जो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई 3 और चरोदा में प्रतिदिन निशुल्क लगाया जा रहा है।

34 लोगों की जांच, कई बीमारियों की स्क्रीनिंग भी
शिविर के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। इसमें 34 लोगों का ओरल कैंसर के लिए परीक्षण किया गया, वहीं 32 लोगों की बीपी (रक्तचाप) स्क्रीनिंग की गई। इसके अतिरिक्त, 7 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर (स्तन कैंसर) की भी स्ट्रीनिंग की गई, जिसका उद्देश्य गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान करना था। जांच के बाद एक नए बीपी मरीज और एक नए शुगर मरीज का सत्यापन हुआ, जिन्हें आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
आयुक्त डीएस राजपूत, निरीक्षण के समय नगर निगम चरोदा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व महेश सिंह राजपूत, चिकित्सक ज्योति देवांगन, एलएचव्ही आर विश्वास, सीपीएम विवेक मिंज थे। कार्यक्रम के तहत बीपी और शुगर की अनिवार्य स्ट्रीनिंग करने तथा संबंधित डेटा को राष्ट्रीय पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिभावकों से 14 साल से अधिक आयु की लड़कियों को एचपीव्ही (हामन पेपिलोमावायरस) वैक्सीन लगवाने के लिए भी प्रेरित किया, जो कुछ प्रकार के कैंसर से बचाव में सहायक है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर रोगों का पता लगाकर समुचित उपचार सुनिश्चित करना था।


अन्य पोस्ट