दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 मई। नंदिनी रोड जामुल में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार तीन नाबालिग बालिकाएं हादसे का शिकार हो गईं, जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।
जामुल पुलिस के अनुसार यह घटना 3 मई की है। भिलाई के कैलाश नगर निवासी प्रभाष पाल की 17 वर्षीय बेटी अपनी दो सहेलियों के साथ एक्टिवा से जामुल से एसीसी चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान नंदिनी रोड पर तेज गति से आ रहे ट्रक सीजी 07 सीए 9607 ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में एक बालिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही थाना जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी ट्रक चालक राकेश कुमार पाण्डेय (34 वर्ष) निवासी छावनी भिलाई को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के समय शराब के नशे में बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 105, 110 बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे का मुख्य कारण तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना है। मामले की विवेचना जारी है।


