दुर्ग
दुर्ग, 7 मई। जुआ सट्टा के खिलाफ जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन जुआ खिलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में मोहन नगर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन एवं नगदी रकम 36,100 रुपए जब्त किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल ऋषि के पास रेलवे स्टेशन के सामने कुछ व्यक्ति अवैध रूप से आईपीएल क्रिकेट मैच पर रुपए पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई थी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए संदेहियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी मोहसिन खान निवासी रिसाई पारा धमतरी, राहुल खान निवासी रिसाई पारा धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


