दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 मई। प्रति एकड़ 2 की जगह अब सिर्फ 1 बोरी यूरिया मिलेगा ऐसा कर भाजपा सरकार किसानों के साथ छल कर रही है। दुर्ग जिला ग्रामीण किसान कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने विभिन्न सहकारी समितियों का दौरा कर खरीफ फसल हेतु खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उक्त बातें व्यक्त की।
उन्होंने अब तक खाद वितरण शुरू नहीं होने की बात कहते हुए रोष व्यक्त किया। साथ ही जल्द खाद वितरण शुरू नहीं करने व पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराने पर आंदोलन की चेतावनी दी। श्री ठाकुर बुधवार को अहिवारा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सेवा सहकारी समिति मुरमुंदा, लिमतरा एवं नंदौरी पहुंचे। दौरे के दौरान सामने आए आंकड़े रखते हुए भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों की पोल खोलते हुए उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 1 अप्रैल 2025 से 7 मई 2025 के बीच मुरमुंदा सोसायटी में डीएपी 323, यूरिया 389, सुपर फास्फेट 124 एवं पोटाश 109 बोरी, लिमतरा सोसायटी में डीएपी 143 ब, यूरिया 247, सुपर फास्फेट 71 एवं पोटाश 18 बोरी तथा नंदौरी सोसायटी में डीएपी 540, यूरिया 733, सुपर फास्फेट 291 एवं पोटाश 155 बोरी का वितरण हो चुका था, जो उस समय भी अपर्याप्त था। इसके विपरीत, इस वर्ष 6 मई 2026 तक की स्थिति बेहद चिंताजनक है। इन समितियों में इस वर्ष अब तक किसानों को एक भी बोरी खाद का वितरण नहीं हुआ है और न ही समितियों में पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा यह स्थिति स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि भाजपा सरकार किसानों की जरूरतों के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील है। यह समस्या केवल दुर्ग जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रही है।
श्री ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में किसानों के साथ लगातार छल किया जा रहा है। जहां पिछले वर्ष किसानों को प्रति एकड़ 2 बोरी यूरिया एवं 1 बोरी डीएपी दिया जा रहा था, वहीं इस वर्ष उसे भी घटाकर केवल 1 बोरी यूरिया व 1 बोरी डीएपी दिए जाने की बात सामने आ रही है, जो सीधे-सीधे किसानों की उत्पादन क्षमता पर चोट है। दौरे के दौरान श्री ठाकुर ने उपस्थित किसानों से सीधी चर्चा भी की, जिसमें किसानों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अब तक खाद वितरण शुरू नहीं हुआ है, जिससे बुवाई की तैयारी प्रभावित हो रही है।
किसानों ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हर वर्ष खाद के लिए भटकना पड़ता है, लेकिन इस बार तो स्थिति और भी बदतर है। किसानों ने यह भी कहा कि यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुआ तो फसल पर गंभीर असर पड़ेगा और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। वर्तमान स्टॉक की स्थिति भी बेहद निराशाजनक है। नंदौरी सोसायटी में मात्र 52 टन यूरिया, 80 डीएपी, 30 सुपर फास्फेट एवं 22 टन पोटाश उपलब्ध है, जबकि मुरमुंदा सोसायटी में 13 यूरिया, 3 सुपर फास्फेट, 4 पोटाश एवं 40 टन एनपीके उपलब्ध है, वहीं डीएपी का स्टॉक शून्य है।
यह स्थिति खरीफ सीजन से पहले ही भारी संकट का संकेत दे रही है।
श्री ठाकुर ने कहा कि बुवाई शुरू होने से पहले ही खाद की यह किल्लत किसानों को आर्थिक और मानसिक रूप से तोड़ रही है। भाजपा सरकार की नीतियों के कारण किसान हताश और निराश हैं, और उन्हें खून के आंसू रोने पर मजबूर किया जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) मांग करती है कि सरकार तत्काल सभी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण सुनिश्चित करे, वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाए एवं किसानों को पूर्व की तरह पर्याप्त खाद उपलब्ध कराए। अन्यथा कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान हीरा वर्मा, उमेश साहू, जगदीश मारकंडे, धरम बर्रे, प्रवीण देवांगन, हेमंत साहू, राजा पाल, सत्यम, लेखराज पाल, खिलेश साहू, फलेंद्र, गगन, निमेष टिकारिहा, लोकेंद्र वर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ता व स्थानीय किसान उपस्थित रहे।


