दुर्ग

खाद वितरण में देरी, किसानों में रोष
06-May-2026 4:28 PM
खाद वितरण में देरी, किसानों में रोष

खरीफ सीजन प्रभावित होने की आशंका, आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 6 मई। खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले क्षेत्र में खाद (उर्वरक) की कमी को लेकर किसानों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। सेवा सहकारी समितियों में अब तक खाद का वितरण प्रारंभ नहीं होने के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे समय पर बुवाई कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

इसी गंभीर समस्या को लेकर किसानों ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक उपशाखा अण्डा के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत कर शीघ्र खाद वितरण प्रारंभ कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि वर्तमान में खेती की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, लेकिन आवश्यक उर्वरक उपलब्ध नहीं होने से पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, जिससे उत्पादन पर भी विपरीत असर पड़ सकता है। किसानों द्वारा यह ज्ञापन शाखा प्रबंधक मनोज सेन को सौंपा गया, जिसमें स्थिति की गंभीरता से अवगत कराते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सेवा सहकारी समितियों में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर वितरण प्रारंभ नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी। इस दौरान किसान प्रतिनिधि के रूप में प्रशांत साहू, कमल साहू, किर्तन कुमार एवं किसान नेता व जनपद सदस्य ढालेश साहू उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए त्वरित समाधान की मांग की।


अन्य पोस्ट