दुर्ग
भिलाई नगर, 4 मई। नगर निगम भिलाई में कथित भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन सोमवार को हंगामेदार हो गया। निगम कार्यालय के घेराव के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब एक पार्षद का भाषण बीच में ही माइक बंद कर दिया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए घेराव किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसी दौरान जब पार्षद संतोष मोर्य निगम आयुक्त राजीव पांडेय के खिलाफ बोल रहे थे, तब मंच पर मौजूद नेताओं द्वारा उनका माइक बंद कर दिया गया। हालांकि कुछ देर बाद उन्हें दोबारा बोलने का मौका दिया गया, जिसके बाद उन्होंने अपनी बात पूरी की।
माइक बंद होने के मामले पर पार्षद संतोष मोर्य ने सफाई देते हुए कहा कि तकनीकी दिक्कत के कारण ऐसा हुआ। वहीं यह भी सामने आया कि एक दिन पहले हुई पार्टी बैठक में आयुक्त के खिलाफ बोलने से मना किया गया था, जिसका उन्होंने विरोध भी जताया था।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने महापौर नीरज पाल और निगम आयुक्त राजीव पांडेय पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में वित्तीय अनियमितताएं और अपारदर्शिता बढ़ रही है। उनका आरोप है कि शिक्षा उपकर निधि, 1248 भूखंडों की नीलामी और अन्य आर्थिक मामलों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है।


