दुर्ग

सरकारी स्कूल में लगी आग
03-May-2026 10:40 PM
सरकारी स्कूल में लगी आग

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 मई।
थाना पद्मनाभपुर अंतर्गत पोटिया कला स्थित एक शासकीय स्कूल में शुक्रवार रात अचानक आग लगने से हडक़ंप मच गई। स्कूल के प्रिंसिपल कक्ष में आग लगी, जहां से तेज धुआं और लपटें निकलती देख लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि प्रिंसिपल कक्ष में रखे महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज भी चपेट में आने की आशंका थी।

अग्निशमन कर्मियों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए धुएं और आग से भरे कमरे के अंदर प्रवेश कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ी क्षति होने से टल गई और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित बचा लिए गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अग्निशमन दल प्रभारी महेंद्र चंदेल, सदस्यों हीरामन, राजेश, कमलेश और तामेश्वर-की सराहनीय भूमिका रही। उनकी त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


अन्य पोस्ट