दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 1 मई। नगर पालिक निगम भिलाई के 07 कर्मचारियों को उनके सेवानिवृत्ति के अवसर पर एक सम्मान समारोह आयोजित कर शाल और श्रीफल देकर विदाई दी गई।
यह आयोजन निगम सभागार कक्ष में संपन्न हुआ। जिसमें मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा एवं जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे और अन्य अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनकी दीर्घकालिक सेवा के लिए धन्यवाद दिया और उनके योगदान की सराहना की। सेवानिवृत्त कर्मचारियों शशिभूषण मोहंती सहायक ग्रेड-03, नियाज शाह, केशव राम साहू, मातादीन वाहन चालक, प्रमोद अग्रवाल एवं गंगा प्रसाद चौहान पम्प सहायक, सुजनम्मा सफाई कामगार ने अपने कार्यकाल के दौरान निगम के विभिन्न विभागों में अहम भूमिका निभाई।
समारोह में मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा ने कहा, इन कर्मचारियों ने अपनी मेहनत और समर्पण से नगर निगम के कार्यों को सराहनीय ढंग से पूरा किया। आज हम उन्हें सम्मानित कर गर्व महसूस कर रहे हैं। इस अवसर पर निगम के अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ कुछ यादगार पल साझा किए और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। विदाई समारोह के दौरान सभी कर्मचारियों ने एक दूसरे के साथ मिलकर उनकी सेवा और काम के अनुभवों पर चर्चा की, जो निगम के कार्यों के लिए अमूल्य योगदान रहे।


